HTML tutorial
HTML tutorial

गर्मी का सीजन शुरू होते ही गुलजार हुआ लच्छीवाला नेचर पार्क

देहरादून। उत्तराखंड में गर्मी का असर दिखने लगा है। पर्यटक बड़ी संख्या में डोईवाला के लच्छीवाला स्थित नेचर पार्क का रुख कर रहे हैं। पर्यटकों के नेचर पार्क में पहुंचने से वन विभाग को भी रोजाना लाखों रुपये के राजस्व की प्राप्ति हो रही है। पर्यटक भी प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले रहे हैं। स्वच्छ पानी में डुबकी लगाकर तपिश को मिटा रहे हैं। वन विभाग भी पर्यटकों के भारी संख्या में लच्छीवाला नेचर पार्क में पहुंचने पर खुश दिखाई दे रहा है।
बता दें लच्छीवाला नेचर पार्क प्राकृतिक सौंदर्य से घिरा हुआ है। चारों तरफ घने जंगल नेचर पार्क की खूबसूरती को चार चांद लगाते हैं। लच्छीवाला नेचर पार्क में छोटे बच्चों से लेकर वृद्ध जनों के लिए मनोरंजन के साथ ज्ञान वर्धन की व्यवस्था की गई है। नेचर पार्क दिल्ली और मैसूर की तर्ज पर डिजाइन किया गया है। पार्क प्रभारी अंकित ने बताया गर्मी तेज होते ही लच्छीवाला नेचर पार्क में पर्यटकों की संख्या बढ़ने लगी है। इस बार पर्यटकों के लिए अलग से गर्मी की तपिस मिटाने के लिए बच्चों और वयस्कों के लिए अलग-अलग पानी के टैंक बनाए गए हैं। इस बार पर्यटक ट्यूब का भी आनंद ले सकेंगे। पार्क के अंदर वोटिंग की व्यवस्था भी की गई है। कुछ समय बाद म्यूजिक फाउंटेन भी पर्यटकों को आनंदित करेगा।
रेंज अधिकारी घनानंद उनियाल ने बताया पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का यह ड्रीम प्रोजेक्ट था। लच्छीवाला नेचर पार्क को दिल्ली और मैसूर में स्थित पार्क के रूप में विकसित किया गया है। यहां छोटे बच्चों से लेकर वृद्ध जनों के लिए मनोरंजन की व्यवस्था की गई है। विभिन्न प्रकार के पेड़ पौधे यहां आने वाले पर्यटकों का ज्ञान वर्धन भी करते हैं। लच्छीवाला नेचर पार्क से विभाग को राजस्व की भी प्राप्ति हो रही है। उन्होंने बताया पिछले वर्ष अप्रैल 2023 से 26 मार्च 2024 तक 2 लाख 65 हजार यात्री पार्क पहुंचे। जिससे एक करोड़ 88 लाख की राजस्व की प्राप्ति हुई। रेंज अधिकारी ने बताया इस बार सभी तरह के शुल्क में कटौती की गई है। जिसमें बस की एंट्री 100 रुपये, कार की एंट्री 50 रुपये, बाइक की एंट्री 20 रुपये और वोटिंग के लिए 50 रुपये का चार्ज रखा गया है। म्यूजियम को फ्री किया गया है।

Manage

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *