उत्तराखंड की बेटी डॉ. पूजा गौड़ ने बढ़ाया देश का मान, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किया सम्मानित
देहरादून। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड और देश का नाम रोशन करने वाली प्रदेश की बेटी डॉ. पूजा गौड़ को अंतरराष्ट्रीय चेंज मेकर अवार्ड-2026 प्राप्त होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कृषि मंत्री ने डॉ. पूजा गौड़ को सम्मानित भी किया। गौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा घोषित इंटरनेशनल ईयर ऑफ द वुमेन फार्मर-2026 के अवसर पर अग्रया के तत्वावधान में यूरोप के बोलोनिया शहर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय समिट में डॉ. पूजा गौड़ को वैश्विक पहल के लिए श्चेंज मेकर अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उन्हें महिलाओं एवं किसानों को विपणन से जोड़ने, सहकारिता और व्यावसायिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
इस अंतरराष्ट्रीय समिट में विश्व के 40 से अधिक देशों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान भारत से डॉ. पूजा गौड़ का चयन उनके उत्कृष्ट कार्यों और योगदान के लिए किया गया। इससे पूर्व भी डॉ. पूजा गौड़ को उनके सराहनीय कार्यों के लिए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर देश के कई प्रतिष्ठित संस्थानों द्वारा अनेक पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि यह पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व और गौरव का विषय है कि प्रदेश की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा और कार्यों से देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि डॉ. पूजा गौड़ ने महिला किसानों को सशक्त बनाने, उन्हें बाजार से जोड़ने, सहकारिता को बढ़ावा देने और आधुनिक तकनीक के माध्यम से कृषि क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सराहनीय कार्य किया है।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। डॉ. पूजा गौड़ जैसी प्रतिभाएं महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई दिशा दे रही हैं।
Post navigation


