प्रदेश में खनन माफियाओं का राजः माहरा

प्रदेश में खनन माफियाओं का राजः माहरा

रुद्रप्रयाग। प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों से आम जनता त्रस्त है। रोजगार को लेकर युवा भटक रहा है और खनन व भू-माफियाओं की सरकार प्रदेश में राज कर रही है। महंगाई और बेरोजगारी से जनता का जीना मुश्किल हो गया है। निकाय चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा को सबक सिखाने जा रही है।
रुद्रप्रयाग में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि प्रदेश सरकार की भ्रष्ट नीतियों से आम जनता परेशान है। खनन और भू-माफियाओं का राज होने से जनता में त्राहिमाम-त्राहिमाम जैसी स्थिति बनी हुई है। प्रदेश की धामी सरकार में बेरोजगार सड़कों में घूम रहे हैं। चारधाम यात्रा में रोजगार को ठप कर दिया गया है। छोटे-छोटे व्यापारी सरकार की नीतियों से आक्रोश में हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र रावत भी सदन में भू-माफियाओं और खनन माफियाओं के खिलाफ आवाज उठा चुके हैं, बावजूद इसके प्रदेश सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंग रहा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देहरादून, हल्द्वानी, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, श्रीनगर सहित अन्य जगहों पर जाकर स्थिति का जायजा लिया गया है। कांग्रेस के पक्ष में माहौल दिख रहा है। नगर निकाय चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाने को तैयार बैठी है। उन्होंने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं ने पार्टी से बगावत की है, उन्हें भविष्य में सबक सिखाया जाएगा। कांग्रेस में भीतरघात जैसा कुछ नहीं है। जिन कार्यकर्ताओं को सबकुछ जल्दी चाहिए, वे पार्टी को छोड़कर बगावत कर चुके हैं। कांग्रेस के विभीषण अपने लालच के लिए गए हैं। आने वाले समय में ऐसे बगावती नेताओं को सबक सिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता पार्टी के लिए समर्पित हैं, उनका सम्मान हमेशा किया जाएगा। पार्टी प्रत्याशियों के लिए कार्यकर्ता रात-दिन जीत दिलाने में जुटे हुए हैं। इस मौके पर कांग्रेस प्रत्याशी दीपक भंडारी, ब्लॉक प्रमुख प्रदीप थपलियाल, जिलाध्यक्ष कुंवर सजवाण, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष देवेन्द्र झिंक्वाण, गीता झिंक्वाण आदि मौजूद थे।

Manage

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *